Prayagraj news: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रयागराज के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नैनी में आयोजित अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। एसटीएफ ने इस मामले में संस्थान के प्रिंसिपल, परीक्षा प्रभारी, प्रशिक्षकों और सॉल्वर सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि असली परीक्षार्थियों की जगह सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही थी। आरोपियों द्वारा अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर उन्हें परीक्षा में पास कराने का खेल संचालित किया जा रहा था।
एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान ₹5.10 लाख नकद, कंप्यूटर उपकरण, मोबाइल फोन, परीक्षा से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि संगठित तरीके से सॉल्वर गैंग परीक्षा प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर अभ्यर्थियों को अवैध लाभ पहुंचा रहा था।
एसटीएफ ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना नैनी, कमिश्नरेट प्रयागराज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- AYODHYA NEWS: महानिदेशक की ओर से मामले की जांच करने आई टीम की गतिविधियों पर उठ रहे सवाल

