Thursday, May 7, 2026

UP News: आंधी-तूफान से तबाह हुई केले की फसल, विधायक अभय सिंह ने उद्यान मंत्री और DM को पत्र लिख की मुआवजे की मांग

Share

UP News: गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड तारुन में बीते 29 अप्रैल को आई भीषण आंधी और प्राकृतिक आपदा ने किसानों की कमर तोड़ दी है। ग्राम पंचायत चरावा सहित आसपास के गांवों में तैयार खड़ी केले की फसलें पूरी तरह जमींदोज हो गई हैं। इस संकट को देखते हुए क्षेत्र के विधायक अभय सिंह ने किसानों के हक में आवाज उठाई है।

विधायक ने शासन और प्रशासन को भेजी चिट्ठी

चरावा के पूर्व प्रधान संदीप तिवारी की पहल और किसानों की व्यथा को सुनते हुए विधायक अभय सिंह ने माननीय उद्यान मंत्री, उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी अयोध्या को पत्र लिखकर किसानों को विशेष मुआवजा दिलाने की पुरजोर मांग की है।

विधायक ने पत्र के माध्यम से शासन-प्रशासन को अवगत कराया कि:
फसल की बर्बादी: आंधी-तूफान के कारण पकी-पकाई केले की फसलें नष्ट हो गई हैं, जिससे किसान भारी आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ तले दब गए हैं।
भरण-पोषण का संकट: किसानों की साल भर की मेहनत बर्बाद होने से उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

राजस्व विभाग को तत्काल सर्वे का निर्देश देने की मांग

विधायक अभय सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व विभाग और कृषि विभाग की संयुक्त टीम को तत्काल निर्देशित कर चरावा एवं प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने जोर दिया कि क्षति का सटीक आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि किसानों को अविलंब उचित आर्थिक राहत मिल सके।
किसानों की उम्मीद जगी
क्षेत्र के सभी प्रभावित किसानों ने विधायक की इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया है। किसानों का कहना है कि विधायक और जिला प्रशासन के समन्वय से यदि जल्द मुआवजा मिलता है, तो वे इस बड़ी आर्थिक मार से उबर पाएंगे।

ये भी पढ़ें- Lucknow: अग्निवीर भर्ती में पूर्वांचल के युवाओं का दिखा सबसे ज्यादा जोश

और खबरें

ताजा खबर