Prayagraj: नैनी थाना क्षेत्र के लेप्रोसी चौराहे पर शुक्रवार को तेज रफ्तार दो बड़े वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर बाद पहुंची एंबुलेंस द्वारा अस्पताल भेजा गया, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस और राहत टीम देर से पहुंची, जिससे घायल काफी देर तक तड़पते रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायलों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मृतक और घायलों के संबंध में आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें- UP News: लखनऊ में भीषण बिजली कटौती से सरकार की किरकिरी
