Saturday, May 23, 2026

UP News: भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 25 मई तक हीट वेव की चेतावनी जारी

Share

UP News: मौसम विभाग लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के आधार पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आदित्य प्रजापति ने आगामी दिनों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (हीट वेव) को लेकर अलर्ट जारी किया है। उन्होने बताया है कि दिनांक 21 मई से 25 मई 2026 तक जनपद में तापमान में लगातार वृद्धि होने तथा तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। उन्होने नागरिकों, किसानों, मजदूरों एवं कमजोर वर्ग के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

गर्म एवं शुष्क हवाओं का प्रभाव

उन्होने बताया कि प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले दिनों से गर्म एवं शुष्क हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। इसके चलते तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने 21-22 मई को ऑरेंज अलर्ट तथा 22-23 मई को रेड अलर्ट व 23-25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रतापगढ़ में दिन के समय कहीं-कहीं तेज उष्ण लहर चलने की आशंका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। उन्होने है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं पहले से बीमार लोगों पर अधिक असर पड़ सकता है। साथ ही खेतों में कार्य करने वाले किसानों, श्रमिकों और बाहर काम करने वाले लोगों को निर्जलीकरण और लू लगने का खतरा बना रहेगा। पशुपालन एवं खड़ी फसलों पर भी गर्मी का असर पड़ने की संभावना जताई गई है।

एडवाइजरी

जारी एडवाइजरी में लोगों को दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को ढककर रखने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। उन्होने लोगों से ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी एवं अन्य घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करने की अपील की है। इसके अलावा किसानों को शाम के समय हल्की सिंचाई करने तथा खेतों में नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

जानवरो एवं बच्चो को कभी भी बन्द/खड़ी गाड़ियों में अकेला न छोड़े। दोपहर 12 बजे से अपरान्ह 4 बजे के मध्य सूर्य की रोशनी में जाने से बचे। खड़ी फसल वाले खेतो में पर्याप्त नमी बनाये रखने के लिये शाम के समय बार-बार हल्की सिंचाई करें। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने कहा है कि सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित

ये भी पढ़ें- Raebareli: तेज रफ्तार रोड़वेज बस अनियंत्रित हो कर हाइवे किनारे बनी दुकान में गूसी

और खबरें

ताजा खबर