Monday, May 18, 2026

Ayodhya: हत्या या दुर्घटना, उलझी पुलिस, FIR दर्ज

Share

Ayodhya: कोतवाली क्षेत्र बीकापुर के सरेसर चवरढार निवासी 23 वर्षीय युवक की बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने बाइक सवार 2 अज्ञात आरोपियों की विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज किया है। बताया गया कि सरेसर गांव निवासी मृतक अभिषेक दुबे बृहस्पतिवार देर शाम कोतवाली क्षेत्र के चौरे बाजार कनावा मोतीगंज मार्ग के किनारे विट्ठलपुर के समीप एक निजी स्कूल से कुछ दूरी पर मरणासन्न अचेत अवस्था में पड़ा था। शरीर पर जगह-जगह गंभीर जख्म के निशान थे। गहरे जख्म के निशान देखकर लोगों द्वारा पीआरबी और कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मोतीगंज चौकी और कोतवाली पुलिस द्वारा एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर भेजा गया लेकिन हालत नाजुक देखकर चिकित्सक एसके मौर्य ने तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद

जिला अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। प्रधान अनिल तिवारी ने बताया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था और अभी अविवाहित था। पिता खेती किसानी करते हैं। मृतक के छोटे भाई अविनाश दुबे द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया गया है कि उनका बड़ा भाई अभिषेक दुबे करीब एक महीना पहले घर से रिश्तेदारी जाने के लिए निकला था। बाइक सवार दो अज्ञात आरोपियों द्वारा उनके भाई को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया तथा बृहस्पतिवार शाम कोतवाली क्षेत्र के विट्ठलपुर से कुछ दूरी पर कनवा मार्ग किनारे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर

गंभीर चोट होने के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर के बाद जिला अस्पताल ले जाने पर मौत हो गई। युवक की हत्या का मामला दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस टीम अब अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मृतक के परिजनों द्वारा बताया गया कि मृतक काफी कम पढ़ा लिखा था तथा उसके पास मोबाइल फोन भी नहीं था। मृतक का मोबाइल नंबर न मिलने से पुलिस को जांच आगे बढ़ाने में भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि मृतक युवक अक्सर घर के बाहर रहता था महीनो बाद घर पर आता था।

घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा है। मृतक के भाई की तहरीर पर दो अज्ञात बाइक सवार आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि गहनता से कई बिंदुओं पर जांच किए जा रही हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- UP News: नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन किसी को नहीं मिला लोक निर्माण विभाग

और खबरें

ताजा खबर