UP NEWS: तारुन बराव क्षेत्र के बराव निवासी विजय सोनी के आवासीय परिसर में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस हादसे ने न केवल एक परिवार की जमा-पूंजी छीन ली, बल्कि उनके सामने भविष्य का संकट भी खड़ा कर दिया है। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
प्रसव के लिए जुटाए 20 हजार भी जले
पीड़ित विजय सोनी ने बताया कि उनकी पत्नी सपना गर्भवती हैं और जल्द ही उनकी डिलीवरी होने वाली है। परिवार ने अस्पताल के खर्चों और अन्य जरूरतों के लिए पाई-पाई जोड़कर 20,000 रुपए नकद घर में रखे थे। दुर्भाग्यवश, आग की लपटों ने उन रुपयों को भी नहीं छोड़ा। घर के राशन, कपड़े और फर्नीचर के साथ-साथ प्रसव के लिए रखे पैसे जल जाने से परिवार अब पूरी तरह असहाय महसूस कर रहा है।
तहसील प्रशासन को दी सूचना
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। मामले की जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। जांच टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट तहसील मुख्यालय को सौंपेंगी।
ये भी पढ़ें- Lucknow: उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राजकीय उद्यान अलीगंज का किया निरीक्षण

