labor code:प्रमुख सचिव श्रम ने श्रम संहिताओं के प्रावधानों पर की विस्तृत चर्चा, सुझाव–आपत्तियाँ आमंत्रित
सामाजिक सुरक्षा, श्रम कल्याण और अधिकारों पर संवाद से सुदृढ़ होंगे श्रमिक हित
लखनऊ, 04 फरवरी 2026
श्रम संहिताओं के प्रावधानों से श्रमिकों एवं उनके प्रतिनिधियों को अवगत कराने तथा सामाजिक सुरक्षा एवं श्रम कल्याण से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कार्यालय अपर श्रम आयुक्त, लखनऊ क्षेत्र, 23 ए.पी. सेन रोड, लखनऊ में बुधवार को एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एम. के. शन्मुगा सुंदरम, प्रमुख सचिव (श्रम एवं सेवायोजन), उत्तर प्रदेश शासन उपस्थित रहे। संगोष्ठी के दौरान प्रमुख सचिव द्वारा देश में लागू की गई चार प्रमुख श्रम संहिताओं— मजदूरी संहिता, 2019, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य स्थितियां संहिता, 2020 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सामाजिक सुरक्षा का मजबूत ढांचा प्रदान करना है
प्रमुख सचिव ने श्रमिक प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों का समाधान करते हुए कहा कि श्रम संहिताओं का उद्देश्य श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सुरक्षा का मजबूत ढांचा प्रदान करना है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रम संहिताओं के संबंध में प्रकाशित नियमावलियों पर प्रकाशन के 45 दिवस के भीतर सुझाव एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत किए जाने की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

संगोष्ठी में इंटक से महामंत्री श्री एच.एन. तिवारी, बीएमएस से जिलाध्यक्ष श्री मिथलेश शुक्ला, एचएमएस से श्री उमाशंकर मिश्र, उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ से अध्यक्ष श्री सुन्दर बाबू चंचल, एवरेडी फ्लैशलाइट कंपनी मजदूर यूनियन से अध्यक्ष श्री चारू मिश्रा सहित विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इसके अतिरिक्त श्रम सलाहकार एसोसिएशन, औद्योगिक न्यायाधिकरण एवं श्रम विभाग के अधिकारियों ने भी अपने सुझाव साझा किए।
अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे
कार्यक्रम में विशेष सचिव श्री नीलेश कुमार सिंह, पीठासीन अधिकारी, औद्योगिक न्यायाधिकरण श्री प्रेम प्रकाश पाल, उप निदेशक कारखाना श्री अभिषेक सूर्यवंशी, सहायक निदेशक कारखाना श्री आकाश सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारियों सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्रम संहिताओं पर विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत अपर श्रम आयुक्त, लखनऊ क्षेत्र श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव द्वारा सभी श्रमिकों, श्रमिक प्रतिनिधियों एवं उपस्थितजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। संगोष्ठी का संचालन श्रीमती शक्ति राय एवं श्री शरद, श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा किया गया।
ये भी पढे़ं- Reel: स्टंटबाज़ी की रील बनी मुसीबत, थार से बैरिकेटिंग गिराने वाला युवक को पुलिस ने पकड़ा, देखें वीडियो…

