UP News: आत्महत्या संबंधी पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इटावा पुलिस ने मात्र 09 मिनट में पहुंचकर 38 वर्षीय युवक का जीवन बचाया ।
• दिनांक 22-05-2026 को पोस्टकर्ता द्वारा पत्नी से हुए विवाद के कारण उत्पन्न तनाव में आत्महत्या संबंधी पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की गई ।
• पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 के निर्देशानुसार मुख्यालय को प्राप्त अलर्ट के आधार पर तत्काल युवक की लोकेशन ट्रेस कर जनपद इटावा पुलिस को सूचित किया गया ।
• दिनांक 01-01-2023 से 20-05-2026 तक इस पहल के अंतर्गत कुल 2886 व्यक्तियों के जीवन की रक्षा की जा चुकी है ।
दिनांक 22-05-2026 को जनपद इटावा के थाना जसवंतनगर निवासी 38 वर्षीय युवक द्वारा, अपनी व पत्नी की एक फ़ोटो के नीचे “मैं हार गया हूँ भैया, मैं क्लेश सहन नहीं कर सकता, आज मैं अपनी ज़िन्दगी ख़त्म कर रहा हूँ, सभी से हाथ जोड़कर विनती है, मुझसे हुई गलती को माफ कर देना” यह टेक्स्ट लिखकर, फेसबुक पर पोस्ट किया गया । उक्त पोस्ट के संबंध में दिनांक-21/22-05-2026 को रात्रि 12:31 AM पर मेटा कंपनी की तरफ से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेन्टर को ई-मेल के ज़रिए एलर्ट प्राप्त हुआ । जिसका तत्काल संज्ञान लेकर उच्चाधिकारियों को संज्ञानित कराया गया ।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0, श्री राजीव कृष्ण द्वारा उक्त एलर्ट पर तत्काल कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया । मेटा कम्पनी द्वारा भेजे गये अलर्ट का संज्ञान लेकर मुख्यालय की सोशल मीडिया सेन्टर द्वारा प्राप्त अलर्ट में उपलब्ध कराये गये मोबाइल नम्बर के आधार पर तत्काल युवक की लोकेशन की जानकारी करके जनपद इटावा को प्रकरण से अवगत कराया गया ।
मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना एवं लोकेशन पर थाना जसवंतनगर के उप निरीक्षक मय पुलिस कर्मियों के मात्र 09 मिनट के अन्तराल में युवक के घर पहुंच गए । पुलिस कर्मियों द्वारा तत्काल परिजनों को युवक द्वारा किए गए पोस्ट की जानकारी देते हुए, युवक के बारे में जानकारी की गई तो परिजनों द्वारा बताया गया की वह अभी घर से निकल कर बाहर गया है । उप निरीक्षक मय पुलिस कर्मियों के अविलंब युवक के पीछे दौड़ पड़े और कुछ दूरी पर उसे जाते हुए देखा तथा उसके पास पहुँच कर उसे रोका और युवक को समझा कर उसके घर वापस ले आये ।
युवक के सामान्य होने के उपरांत पुलिसकर्मियों द्वारा की गई पूछताछ में उसके द्वारा बताया कि वह ग्रेजुएट पास है और फ़ोटोग्राफ़ी का काम करता है । उसकी पत्नी से उसका काफ़ी समय से विवाद चल रहा है जिसके कारण वह तनावग्रस्त था, इसी के परिणामस्वरूप उसके मन में आत्महत्या का विचार उत्पन्न हुआ और वह बाग में आत्महत्या करने के उद्देश्य से ही जा रहा था ।
पुलिस कर्मियों द्वारा समय से पहुँच कर, युवक को आत्महत्या करने से रोका गया एवं काउन्सलिंग की गयी, जिस पर युवक द्वारा भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया गया। युवक के परिजनों द्वारा स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों की तत्परता तथा उनके सहयोग हेतु उ0प्र0 पुलिस को धन्यवाद दिया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस एवं मेटा कम्पनी के मध्य 2022 से प्रचलित व्यवस्था के अंतर्गत यदि कोई भी व्यक्ति फेसबुक अथवा इंस्टाग्राम पर आत्महत्या किए जाने से सम्बंधित पोस्ट करता है तो ऐसी पोस्ट के सम्बंध में मेटा कम्पनी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को ई-मेल एवं फोन के माध्यम से अलर्ट भेजकर सूचित किया जाता है । दिनांक 01-01-2023 से 20-05-2026 के मध्य आत्महत्या संबंधी पोस्ट पर प्राप्त अलर्ट का संज्ञान लेकर कुल 2886 व्यक्तियों के प्राणों की रक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा चुकी है ।
उत्तर प्रदेश पुलिस को मेटा सुसाइडल अलर्ट की नवीन पहल के लिए प्रतिष्ठित SKOCH Award-2025 तथा The Economic Times GovTech Awards- 2026 से सम्मानित किया गया है ।
ये भी पढ़ें- Lucknow:कार्यालय से कुछ पत्रावली अपने साथ जबरदस्ती उठाकर ले जाने का लगाया आरोप
