Kainchi Dham: बाराबंकी में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। कैंची धाम दर्शन के लिए निकले युवकों की इनोवा कार लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव के पास तड़के करीब तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि वाराणसी से Kainchi Dham के दर्शन के लिए निकले युवक तेज रफ्तार में सफर कर रहे थे। इसी दौरान इनोवा अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतकों में गाजीपुर के गैबीपुर निवासी राहुल सिंह (35), चंदौली के मुगलसराय निवासी राहुल कुमार (36), बलिया के रसड़ा निवासी सत्यम (38) और ट्रक खलासी गाजीपुर निवासी सूरज यादव (30) शामिल हैं।
वहीं मिर्जापुर के चुनार निवासी चंदन सिंह (35), पंकज सिंह (34) और बलिया के बेला निवासी प्रशांत की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें-
