UP News: दिल्ली बम धमाकों और धीरेंद्र शास्त्री को निशाना बनाने की साजिश के खुलासे के बाद, सहारनपुर में मुस्लिम समुदाय ने आतंकवाद के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठनों के पुतले फूंके और उनकी निंदा की। लोगों ने कहा कि आतंकवाद हिंदू और मुसलमान दोनों का दुश्मन है और देश में अमन-चैन बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
मुस्लिम समुदाय ने आतंकवाद के फूंके पुतले
मिली जानकारी के अनुसार, सहारनपुर में मुस्लिम समुदाय दिल्ली बम धमाकों और आतंकवाद के खिलाफ सड़कों पर उतर आया। हिंदुस्तानी पसमांदा मंच द्वारा गांधी पार्क से घंटाघर तक “हिंद जय हिंद” पैदल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया। मार्च के दौरान आतंकवाद के पुतले फूंके गए और पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठनों के खिलाफ नारे लगाए गए।
जुलूस के दौरान लोगों ने पाकिस्तान के आसिफ मुनीर और आतंकवादी संगठन के सरगना असद मसूद के पुतले फूंके। जुलूस के घंटाघर पहुंचने पर भी आतंकवाद का पुतला जलाया गया। लोगों ने “पाकिस्तान मुर्दाबाद” और “आतंकवाद मुर्दाबाद” के नारे लगाए और कहा कि आतंकवाद किसी एक धर्म का नहीं, बल्कि पूरे देश का दुश्मन है।
आतंकवाद के खिलाफ मुस्लिम समुदाय का विरोध प्रदर्शन
इस अवसर पर, मंच के राष्ट्रीय मुख्य संयोजक मोहम्मद शमशाद वीर ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य देश में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली बम धमाकों में हिंदू और मुसलमान दोनों की जान गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सनातन हिंदू यात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी। शमशाद वीर ने उग्रवाद और बाहरी फंडिंग से संचालित आतंकवादी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को उनके अपराध स्थल पर ही सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए “ऑपरेशन सिंदूर” को बड़े पैमाने पर शुरू करने की भी अपील की।
दिल्ली बम धमाकों में हिंदू और मुसलमान दोनों की जानें गई
राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष शाहनवाज मलिक ने कहा कि दिल्ली बम धमाकों में हिंदू और मुसलमान दोनों की जानें गई। इसलिए आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक शांति और भाईचारा चाहता है, जबकि आतंकवादी नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे संगठनों और व्यक्तियों की गहन जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाईचारा ही देश को मजबूत और सुरक्षित बनाता है।
ये भी पढ़े- UP News: खेत पर ग्रामीण से मारपीट, गाय को लेकर हुआ था विवाद

