Breaking News: कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिहोरी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एलपीजी गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर टोल बूथ में जा घुसा। टक्कर के बाद गैस रिसाव हुआ, जिससे भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में टैंकर आग का गोला बन गया।
हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना में टोल प्लाजा के कई कर्मचारी झुलस गए हैं। घायलों को पहले जिला अस्पताल और बाद में गंभीर रूप से झुलसे लोगों को प्रयागराज रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी टीम को भी मौके पर बुलाया गया है
ये भी पढ़ें– UP NEWS: राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस्तीफा दे दिया है..!

