Ayodhya News: ग्राम मलिकपुर, डाभासेमर निवासी अभय पांडेय पुत्र विनय पांडेय ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अयोध्या का नाम रोशन किया है। हरियाणा में 27 से 30 नवंबर तक आयोजित 35वीं सब जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश टीम में चयन होने के बाद अभय ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन ने न केवल टीम को मजबूती प्रदान की, बल्कि प्रदेश के साथ-साथ अयोध्या जनपद का भी गौरव बढ़ाया।
किया गया जोरदार स्वागत
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से लौटने पर मंगलवार को अभय पांडे का अयोध्या पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह के सहादतगंज स्थित आवास पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। अभय को फूल-माला पहनाने के साथ मिठाई खिलाई गई और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि अभय ने अपने दमदार खेल से प्रदेश कीउम्मीदों को नई ऊंचाई दी है। गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन अभय ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा और अनुशासन हो तो बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन ऐसे खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देता रहेगा।
खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत
उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या के खिलाड़ी लगातार विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे जनपद खेल क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहा है। अभय जैसे युवा खिलाड़ियों की सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
अभय ने कहा कि वे आगे भी मेहनत कर प्रदेश और देश के लिए खेलने का सपना पूरा करना चाहते हैं। स्वागत कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह के अंत में विकास सिंह ने अभय को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान अभय पांडेय के पिता विनय पांडेय, संदीप पांडेय, अनुज पांडेय, विशाल पांडेय, अभिषेक पांडेय, शिवम पांडेय सहित मलिकपुर ग्रामवासी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें-Ayodhya: ग्रामीण अंचलों में कल बंद रहेगी विद्युत आपूर्ति

