Bank of Baroda: दिनांक 18 नवम्बर 2025 प्रतापगढ़। मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। आवंटित 1750 लक्ष्यों के सापेक्ष बैंको द्वारा 831 आवेदन पत्रों में ऋण स्वीकृत किये गये तथा 924 आवेदनों में ऋण वितरित किया गया है। समीक्षा के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक की प्रगति सन्तोषजनक नहीं पाई गई।
बैठक में उपस्थित समन्वयक बैंक ऑफ बड़ौदा, क्षेत्रीय प्रबन्धक भारतीय स्टेट बैंक, समन्वयक पंजाब नेशनल बैंक द्वारा आश्वस्त किया गया कि उनके स्तर से सभी शाखा प्रबन्धको को प्रत्येक माह का लक्ष्य निर्धारित करते हुए लक्ष्य पूर्ति हेतु निर्देशित कर दिया गया है।
औसत से अधिक समय तक बैंको में आवेदन पत्र लम्बित रखने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया गया कि बैकर्स अपना रवैया सकारात्मक बनाये, आवेदको का सहयोग करें किसी भी दशा में आवेदन निरस्त न करें यदि आवेदन पत्रों में कुछ कमियां हो तो उपायुक्त उद्योग से समन्वय बनाकर निस्तारण करायें, योजना की समीक्षा नियमित रूप से उच्च स्तर पर हो रही है। इसलिए सभी बैंकर्स लक्ष्यानुरूप प्रगति अनिवार्य रूप से पूर्ण करें अन्यथा उनके विरूद्ध कार्यवाही हेतु उनके उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जायेगा। बैठक में क्षेत्रीय प्रबन्धक स्टेट बैंक, क्षेत्रीय प्रबन्धक क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, अग्रणी प्रबन्धक के साथ सभी प्रशिक्षणदायी संस्थाओं के अधिकारी, सभी बैंको के बैंक समन्वयक उपस्थित थे। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गया।
जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित
ये भी पढ़ें-Kushinagar Up: जौहरी गांव में पहली बार एप्पल बेर की खेती,

