Wednesday, November 11, 2026

Chhath Puja 2026: छठ व्रत की कथा – क्यों छठी मैया को लगता है सबसे कठिन व्रत?

Share

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व को सबसे कठिन व्रत माना जाता है। इसमें व्रती 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं। ना पानी पीते हैं, ना खाना खाते हैं। फिर भी बिहार, यूपी, झारखंड और दिल्ली में लाखों महिलाएं हर साल ये व्रत करती हैं। सवाल ये है कि आखिर छठी मैया का ये व्रत इतना कठिन क्यों माना जाता है और इसके पीछे की कथा क्या है?

छठ व्रत की पहली कथा

पौराणिक कथा के अनुसार, सबसे पहले राजा प्रियव्रत ने छठ व्रत किया था। राजा प्रियव्रत को कोई संतान नहीं थी। महर्षि कश्यप के कहने पर उन्होंने छठी मैया की पूजा की और सूर्य देव को अर्घ्य दिया।

इसके बाद उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। तभी से संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए छठ व्रत किया जाने लगा।

द्रौपदी ने भी रखा था छठ

महाभारत में भी छठ का जिक्र मिलता है। कहा जाता है कि जब पांडव जुए में अपना सब कुछ हार गए थे, तब द्रौपदी ने छठी मैया का व्रत किया था।

द्रौपदी के व्रत से प्रसन्न होकर सूर्य देव ने पांडवों को उनका खोया हुआ राज-पाट वापस दिलाया। इसलिए कहा जाता है कि छठ व्रत करने से खोया हुआ सम्मान भी वापस मिल जाता है।

कर्ण और सूर्य देव की पूजा

कर्ण को सूर्य देव का पुत्र माना जाता है। कहा जाता है कि कर्ण रोज पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देते थे। यही परंपरा आज छठ में निभाई जाती है, जब व्रती पानी में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं।

क्यों है सबसे कठिन व्रत?

  1. 36 घंटे निर्जला व्रत: इस व्रत में पानी की एक बूंद भी नहीं पी जाती।
  2. नहाय-खाय से शुरू होती है शुद्धता: व्रत से 2 दिन पहले से ही लहसुन-प्याज और बाहर का खाना बंद कर दिया जाता है।
  3. खरना के बाद कुछ नहीं खाते: खरना की रात खीर-रोटी खाने के बाद व्रती अगले 36 घंटे तक कुछ नहीं खाते।
  4. ठंडे पानी में अर्घ्य: नवंबर की ठंड में भी व्रती कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते हैं।

यही वजह है कि छठ को महापर्व कहा जाता है। ये सिर्फ व्रत नहीं, बल्कि तपस्या है।

छठ 2026 की तारीख

  • नहाय-खाय: 13 नवंबर 2026, शुक्रवार
  • खरना: 14 नवंबर 2026, शनिवार
  • संध्या अर्घ्य: 15 नवंबर 2026, रविवार
  • उषा अर्घ्य: 16 नवंबर 2026, सोमवार

छठी मैया से क्या मांगते हैं भक्त?

भक्त छठी मैया से संतान की लंबी उम्र, पति की तरक्की, घर में सुख-शांति और बीमारी से मुक्ति की कामना करते हैं। मान्यता है कि छठी मैया कभी किसी भक्त को खाली हाथ नहीं भेजतीं।

ये भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: सूप और दउरा क्यों चढ़ाया जाता है? जानें इसका धार्मिक महत्व और विधि

और खबरें

ताजा खबर