Monday, May 25, 2026

Lucknow: यूपी ATS जांच में बड़ा खुलासा, दिल्ली आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मिले संदिग्ध

Share

Lucknow: उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकियों का कनेक्शन अब दिल्ली के आतंकी मॉड्यूल से भी जुड़ता नजर आ रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार दोनों मॉड्यूल सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे और इन्हें पाकिस्तान से संचालित नेटवर्क हैंडल कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक इस नेटवर्क के पीछे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई से जुड़े एजेंट सक्रिय हैं।

यूपी एटीएस ने हाल ही में कुशीनगर निवासी कृष्णा मिश्रा और बाराबंकी के दनियाल अशरफ को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ और मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच में पता चला है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा तीन दिन पहले गिरफ्तार किए गए आठ संदिग्ध आतंकियों से भी इन दोनों के संपर्क थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि शहजाद भट्टी भारत के विभिन्न राज्यों में छोटे-छोटे मॉड्यूल तैयार कर रहा था। ये मॉड्यूल सीधे संपर्क से बचने के लिए केवल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जुड़े रहते थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।

दनियाल अशरफ और कृष्णा मिश्रा

एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दनियाल अशरफ और कृष्णा मिश्रा को पाकिस्तान से कौन-कौन से टास्क दिए गए थे। इसके लिए सोमवार को अदालत में दोनों की कस्टडी रिमांड लेने की अर्जी दाखिल की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि बाराबंकी के बदोसराय क्षेत्र के किंतूर गांव निवासी दनियाल अशरफ ने हाल ही में पासपोर्ट बनवाया था। वह घटना से पांच दिन पहले ही मुंबई से वापस लौटा था। मुंबई में उसके बहनोई रहते हैं, जिनकी भूमिका भी अब जांच के दायरे में आ गई है। एटीएस उनकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान का नेटवर्क गांवों तक कैसे पहुंच रहा है और किस तरह भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसाया जा रहा है। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी हैं।

ये भी पढ़ें- Hyderabad: वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच पीएम मोदी की अपील, पेट्रोल-डीजल और गैस का करें संयमित उपयोग

और खबरें

ताजा खबर