Sunday, March 22, 2026

kidnapping case: माण्डा अपहरण कांड का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

Share


kidnapping case: 28 घंटे में बच्चे की सकुशल बरामदगी, रिश्तेदार ही निकला मास्टरमाइंड


प्रयागराज, 20 मार्च। माण्डा थाना क्षेत्र के सराय कला में 6 वर्षीय बच्चे के अपहरण की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना माण्डा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त दो कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।


जानकारी के अनुसार, 7 मार्च को सराय कला निवासी आरती शर्मा ने थाना माण्डा में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र प्रतीक शर्मा (6 वर्ष) स्कूल से घर लौटते समय घर के पास से कार सवार बदमाशों द्वारा अगवा कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की आठ टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 8 मार्च को वाराणसी से बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

20 मार्च को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया


जांच के दौरान सामने आया कि अपहरण की साजिश बच्चे के ही रिश्तेदार उज्जवल शर्मा उर्फ विवेक शर्मा ने रची थी। वह बच्चे के पिता का चचेरा भाई है। पूछताछ में उसने बताया कि फिरौती के रूप में 20-30 लाख रुपये वसूलने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए उसने अपने साथियों आशुतोष प्रधान उर्फ हिमांशू, राजकुमार पाण्डेय, नितीश कुमार और एक अन्य साथी को शामिल किया था।


योजना के तहत 7 मार्च को बच्चे को स्कूल से लौटते समय बहला-फुसलाकर कार में बैठाकर वाराणसी ले जाया गया। पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर आरोपी घबरा गए और बच्चे को एक गेस्ट हाउस के पास छोड़कर फरार हो गए।


पुलिस ने 20 मार्च को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अमेज कार (UP70EM5222) और एक ऑल्टो कार बरामद की गई, साथ ही चार मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी यमुनानगर जोन के प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन कुमार सिंह, सर्विलांस सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव तथा थाना माण्डा के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार वर्मा समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।


पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें- EID 2026: आज एक और त्योहार आया है ईद का जहां हम लोग फिर गले मिले हैं- अखिलेश

और खबरें

ताजा खबर