Monday, March 16, 2026

UP News: सावधान, बाजार में बिक रहा है नकली नमक! गोरखपुर में मिली मिलावटी टाटा नमक

Share

UP News: गोरखपुर के राजघाट थाना क्षेत्र के साहिबगंज मंडी इलाके में पुलिस और टाटा कंपनी की एक टीम ने एक दुकान पर छापा मारकर 225 किलो नकली टाटा नमक जब्त किया। इसकी पैकेजिंग हूबहू असली नमक जैसी थी, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया। आरोपी व्यापारी लवकुश प्रसाद के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। नमक के नमूने लैब भेज दिए गए हैं और एक बड़े नेटवर्क की जांच जारी है।

मिली मिलावटी टाटा नमक

टाटा कंपनी के एक जांच अधिकारी की शिकायत पर, गोरखपुर के राजघाट थाना क्षेत्र के साहिबगंज मंडी इलाके में पुलिस और टाटा कंपनी की एक संयुक्त टीम ने छापा मारा। अधिकारियों के अनुसार, नमक की पैकेजिंग असली टाटा नमक जैसी ही थी, जिससे लोगों के लिए असली और नकली नमक में अंतर करना बेहद मुश्किल हो गया। छापेमारी के बाद, राजघाट थाने ने कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया।

गंभीर स्वास्थ्य खतरा

स्वास्थ्य विशेषज्ञ मिलावटी नमक के सेवन को बेहद खतरनाक मानते हैं। ऐसे मिलावटी नमक का लगातार सेवन पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे पेट दर्द, गैस और अन्य समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक सेवन से हृदय रोग, कैंसर, गुर्दे की बीमारी और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए, इस जब्ती ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएँ पैदा कर दी हैं।

दो महीने में नकली नमक की दूसरी बड़ी खेप

इस घटना से पूरे मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि दो महीने पहले भी इसी इलाके से भारी मात्रा में नकली नमक जब्त किया गया था। लगातार दूसरी बार नकली नमक की बरामदगी ने इस संदेह को और पुख्ता कर दिया है कि शहर में मिलावटी नमक का धंधा बड़े पैमाने पर चल रहा है और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।

कंपनी अधिकारी ने बताई पूरी कहानी

मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा के पालमकोट निवासी और टाटा कंपनी के जांच अधिकारी डमरू आनंद ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि साहबगंज मंडी में उनके ब्रांड नाम का दुरुपयोग करके नकली नमक बेचा जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर, कंपनी की टीम और राजघाट पुलिस ने 12 नवंबर को संयुक्त छापेमारी की। तलाशी के दौरान, व्यापारी लवकुश प्रसाद की दुकान से नौ बोरियों में भरा 225 किलो नकली टाटा नमक बरामद हुआ। पैकेटों की पैकेजिंग, लेबल और सील इतनी मिलती-जुलती थीं कि असली और नकली में अंतर करना लगभग नामुमकिन था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

एसपी सिटी ने दी जांच की जानकारी

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि व्यापारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। बरामद नमक के नमूने लैब भेज दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह नकली नमक किसी बड़े रैकेट का हिस्सा हो सकता है और जांच जारी है।

ये भी पढ़े- UP News: केजी से पीजी तक की शिक्षा एक ही छत के नीचे, शाहजहांपुर का मुमुक्षु कॉम्प्लेक्स बनेगा ज्ञान केंद्र

और खबरें

ताजा खबर