Friday, August 7, 2026

Pratap Singh visit: भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं महामंत्री प्रताप सिंह बिष्ट का निधन

Share

Pratap Singh visit: दिनांक: 07 अगस्त 2026

स्थान: कानपुर

भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) के पूर्व अध्यक्ष एवं महामंत्री, ओजस्वी ट्रेड यूनियन नेता तथा सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ के पूर्व महामंत्री श्री प्रताप सिंह बिष्ट अब इस भौतिक संसार में नहीं रहे। उनके आकस्मिक और दुखद निधन से श्रमिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका देहावसान 84 वर्ष, 11 माह और 6 दिन की आयु में हुआ।

सादगी और विलक्षण प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व


श्री बिष्ट का संपूर्ण जीवन अत्यंत सादगी से परिपूर्ण और वे विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। आयुध निर्माणी भंडारा से वर्ष 2001 में फोरमैन (अब JWM) के पद से सेवानिवृत्त होने के पश्चात उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और कर्मचारियों के सेवा-समर्पण में लगा दिया। भंडारा में यूनियन का निर्माण और उसे ज़मीन पर स्थापित करने में उनका अत्यंत महत्वपूर्ण और अग्रणी योगदान रहा।

श्रमिक आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान

स्वर्गीय डी. पंत आठवले जी और श्रम महर्षि मान्यवर दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के सानिध्य में उन्होंने लंबे समय तक कार्य किया। उन्होंने विदर्भ प्रदेश के जोनल सेक्रेटरी के रूप में भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के कार्य को मजबूती से खड़ा किया।
इसके पश्चात उन्होंने भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के महामंत्री के रूप में पूरे देश का प्रवास कर महासंघ को राष्ट्रीय स्तर पर एक सुदृढ़ पहचान दिलाई।

अपने महामंत्री कार्यकाल के बाद वह भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के अध्यक्ष पद पर आसीन हुए। उसके पश्चात कार्यकाल पूरा करने के बाद उन्हें सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ का महामंत्री नियुक्त किया गया, जिनके नेतृत्व में केंद्रीय एवं राज्य कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कई ऐतिहासिक आंदोलन संचालित किए गए।

  • वेतन आयोग संघर्ष: चौथे वेतन आयोग से लेकर छठे वेतन आयोग तक, वेतन आयोग का मेमोरेंडम तैयार करने से लेकर उसे धरातल पर लागू करवाने के लिए चलाए गए बड़े आंदोलनों में उनकी भूमिका केंद्रीय रही।
  • अखिल भारतीय दायित्व: वह भारतीय मजदूर संघ (BMS) के अखिल भारतीय मंत्री और उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे। भारतीय मजदूर संघ और सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ के विस्तार में उनका योगदान अमिट रहेगा। उनके द्वारा किए गए संघर्षों और कार्यों को श्रमिक जगत हमेशा याद रखेगा ।

श्री प्रताप सिंह बिष्ट अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें उनके तीन पुत्रियां और एक पुत्र शामिल हैं।

श्रद्धांजलि:

स्व प्रताप सिंह बिष्ट का आज दिनांक7 अगस्त 2026 को कानपुर के सिद्धनाथ घाट पर गंगा के पावन तट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर उनके परिवारी जन,रिश्तेदारों के साथ साथ भारतीय मज़दूरसंघ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष श्री सुरेश यादव , महामंत्री श्री अनिल उपाध्याय भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के कार्याध्यक्ष एवं सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ के महासचिव श्री मुकेश सिंह भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष श्री इंदरजीत सिंह ,कानपुर के नगर संयोजक श्री रामशंकर विश्वकर्मा। भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के कानपुर के सभी कार्य समिति सदस्य और पदाधिकारी। भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष श्री दीपक शुक्ला। तथा डिफेंस की सभी यूनियन के पदाधिकारियों ने उपस्थिति होकर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये भी पढ़ें-


भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ और समस्त श्रमिक परिवार की ओर से हम दिवंगत आत्मा श्री प्रताप सिंह बिष्ट जी के श्रीचरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति! शांति!! शांति!!

ये भी पढ़ें- Lucknow news: RLD के यूपी अध्यक्ष रामाशीष राय ने दिया इस्तीफा

और खबरें

ताजा खबर