Saturday, October 25, 2025

Govardhan Asrani: मशहूर अभिनेता असरानी का निधन, कुछ समय पहले की थी आखिरी पोस्ट

Share

Govardhan Asrani: दिवाली की शाम मनोरंजन जगत से एक बुरी खबर आई। पता चला कि हिंदी सिनेमा के आइकॉनिक हीरो गोवर्धन असरानी अब हमारे बीच नहीं रहे। असरानी ने शोले में हिटलर से लेकर कई यादगार रोल किए, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। 20 अक्टूबर को अंतिम सांस लेने से पहले अभिनेता असरानी ने एक आखिरी पोस्ट किया था, जो उनके निधन के बाद वायरल हो गया। इस पोस्ट को देखकर दर्शकों ने सोचा भी नहीं होगा कि यह असरानी का आखिरी पोस्ट होगा। दरअसल, दिवाली की शाम करीब 4 बजे असरानी का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन पर हिंदी सिनेमा से लेकर पीएम मोदी तक सभी ने शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर भी फैंस भावुक पोस्ट के जरिए उन्हें याद कर रहे हैं।

असरानी की आखिरी पोस्ट

किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह असरानी की आखिरी पोस्ट होगी। इससे पहले, उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिवाली से जुड़ा एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अपने प्रशंसकों को दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं। पोस्ट में लिखा था, “हैप्पी दिवाली।” कुछ घंटों बाद, अभिनेता चल बसे।

काफी दिन से असरानी अस्पताल में थे भर्ती

मिली जानकारी के अनुसार, गोवर्धन असरानी के PA बाबूभाई ने बताया कि, असरानी साहब को चार दिन पहले जुहू स्थित भारतीय आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि उनके फेफड़ों में पानी जमा हो गया था। असरानी पिछले पांच दिनों से आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती थे। वे उम्र संबंधी जटिलताओं से जूझ रहे थे। हालांकि, सोमवार शाम जुहू स्थित अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके परिवार और दोस्तों ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की।

यादगार किरदार किए

पिछले कई दशकों में, गोवर्धन असरानी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार किरदार दिए और दर्शकों के दिलों में अपनी एक खास जगह बनाई। उनका करियर 50 साल से ज्यादा लंबा रहा और उन्होंने 350 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। 1970 के दशक में उनका करियर चरम पर था, जब उन्हें सबसे विश्वसनीय और लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक माना जाता था। उन्होंने मेरे अपने, कोशिश, बावर्ची, परिचय, अभिमान, चुपके-चुपके, छोटी सी बात और रफू चक्कर जैसी फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाई।

दर्शक उनकी कॉमिक टाइमिंग और संवाद अदायगी को हमेशा याद रखेंगे। अभिनय के अलावा, असरानी ने कई फिल्मों का निर्देशन और कहानी लेखन भी किया। उन्होंने चल मुरारी हीरो बनने और सलाम मेमसाब जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उन्होंने गुजराती सिनेमा में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हाल ही में, उन्होंने “धमाल” जैसी कॉमेडी फिल्मों में भी काम किया। हिंदी सिनेमा में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इस खबर से उनके परिवार, सहकर्मी और प्रशंसक बहुत दुखी हैं।

ये भी पढ़े-Delhi AQI: पटाखों की गूंज के बीच घुटती दिल्ली! दिवाली के बाद हवा बनी जहर, AQI पहुँचा 900 पार

और खबरें

ताजा खबर