Sunday, March 15, 2026

Railway news: महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे द्वारा लखनऊ–दर्शन नगर रेलखण्ड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण

Share

Railway news: अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मल्हौर, बाराबंकी, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम एवं दर्शन नगर स्टेशनों के विकास कार्यों की समीक्षा।


आज दिनांक 15 मार्च, 2026 को महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे श्री राजेश कुमार पांडे ने मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ, श्री सुनील कुमार वर्मा तथा मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति), श्री जयंत चौधरी के साथ लखनऊ–दर्शन नगर रेलखण्ड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग में रेल संरक्षा व्यवस्था, ट्रैक, सिग्नलिंग प्रणाली तथा रेल संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश


निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने मल्हौर, बाराबंकी, अयोध्या कैंट,अयोध्या धाम तथा दर्शन नगर रेलवे स्टेशनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने यात्री सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था, स्टेशन तक पहुँच मार्ग, सर्कुलेटिंग एरिया तथा स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक महोदय ने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं दर्शन नगर रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक महोदय ने ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर से रेल संचालन से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान एवं कार्य दक्षता का परीक्षण भी किया।

आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई


इसके उपरांत महाप्रबंधक महोदय अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुँचे, जहाँ उन्होंने स्टेशन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया तथा स्टेशन पर द्वितीय चरण (Second Phase) से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाए।


इस अवसर पर महाप्रबंधक महोदय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों का विकास यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने तथा रेलवे अवसंरचना को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उत्तर रेलवे यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं सेवा गुणवत्ता को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- Nav Bharat Literacy Program:4.93 लाख से अधिक असाक्षरों ने परीक्षा में लिया भाग

और खबरें

ताजा खबर