Railway: आज दिनांक 12.03.2026 को महाप्रबंधक,उत्तर रेलवे, राजेश कुमार पांडे का अपने निर्धारित निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वाराणसी पहुंचे। इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महाप्रबंधक महोदय ने वाराणसी–व्यासनगर–काशी रेलखंड के मध्य विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पथ की स्थिति, सिग्नलिंग व्यवस्था, संरक्षा मानकों, परिचालन व्यवस्था तथा रेल अवसंरचना से संबंधित विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत महाप्रबंधक महोदय ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यासनगर, काशी एवं वाराणसी स्टेशन पर चल रहे निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसरों में विकसित की जा रही आधुनिक यात्री सुविधाओं, जैसे बेहतर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पेयजल सुविधा, डिजिटल सूचना प्रणाली, प्लेटफॉर्मों का उन्नयन, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग व्यवस्था तथा स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण आदि कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

महाप्रबंधक महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता, यात्री सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल श्री सुनील कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री बी. के. यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM), स्टेशन निदेशक वाराणसी सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।महाप्रबंधक महोदय ने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास एवं आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार होगा।
ये भी पढ़ें- Digital learning: डिजिटल लर्निंग पोर्टल से युवाओं को मिल रहे मुफ्त ऑनलाइन पाठ्यक्रम

