Wednesday, February 11, 2026

Prayagraj: कार गिरने से बेलन नहर में डूबे दो युवकों के शव बरामद, शादी में शामिल होने आए थे प्रयागराज

Share


Prayagraj: प्रयागराज के बढ़वारी कला गांव के पास स्थित बेलन नहर में कार गिरने से लापता हुए दो युवकों के शव सोमवार सुबह बरामद कर लिए गए। दोनों शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर आगे नहर में पानी में उतराते हुए मिले। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।


मृतकों की पहचान 30 वर्षीय प्रदीप कुशवाहा उर्फ पिन्टू पुत्र शिव मोहन कुशवाहा निवासी अतर्रा, जिला बांदा और 20 वर्षीय अनीश सिंह पुत्र नमो नारायण सिंह निवासी शेरूहिया, थाना फेफना, जिला बलिया के रूप में हुई है। दोनों युवक एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए प्रयागराज आए थे।


जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के खीरी क्षेत्र के गडरी गांव निवासी लालजी शुक्ला के पुत्र अभिषेक की शादी थी। रविवार को बरात निकाली गई थी, जिसमें शामिल होने के लिए अभिषेक के दोस्त आजमगढ़, जौनपुर, बलिया और गाजीपुर जिलों से आए थे। बरात जाते समय बढ़वारी कला गांव के पास स्थित बेलन नहर के पास अचानक दो कारें अनियंत्रित होकर नहर में गिर गईं।


हादसे के दौरान कार में सवार शुभम शुक्ला, संदीप, विशाल मौर्य, सौरभ गौतम, अनूप कुमार, वसीम और रोहित कुमार किसी तरह नहर से सुरक्षित निकाल लिए गए, लेकिन प्रदीप कुशवाहा और अनीश सिंह का पता नहीं चल सका था। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने देर रात तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।


सोमवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों युवकों के शव नहर से बरामद किए गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां मातम और चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- kanpur news: बर्रा में रिटायर्ड केस्को कर्मी ने पत्नी की साबड़ से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

और खबरें

ताजा खबर