kanpur news: कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने घरेलू विवाद के बाद अपनी 65 वर्षीय पत्नी की लोहे की साबड़ से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से बाहर निकलकर मेनगेट के पास बैठ गया।
कर्रही पुरानी बस्ती निवासी 75 वर्षीय साहेब लाल केस्को में चतुर्थ श्रेणी कर्मी के पद से सेवानिवृत्त है। उसके परिवार में पत्नी ललिता, दो बेटे महेंद्र और सुरेंद्र तथा चार शादीशुदा बेटियां आशा, ज्योति, सोनी और मोनी हैं। बड़ा बेटा महेंद्र परिवार के साथ पास ही बने दूसरे मकान में रहता है, जबकि अविवाहित बेटा सुरेंद्र माता-पिता के साथ रहता है और पुताई का काम करता है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
सोमवार सुबह करीब नौ बजे सुरेंद्र काम पर जरौली चला गया था। उसी दौरान घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया। आरोप है कि साहेब लाल ने लोहे की साबड़ से पत्नी ललिता पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
करीब 10 बजे आरोपी का भाई महेश भाभी से मिलने घर पहुंचा। उसने देखा कि साहेब लाल मेनगेट के पास चुपचाप बैठे थे। जब उसने भाभी के बारे में पूछा तो कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर जैसे ही उसने मेनगेट खोला, अंदर ललिता का खून से लथपथ शव पड़ा था और पास ही लोहे की साबड़ रखी थी। महेश की चीख सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी साहेब लाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी योगेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीसीपी दक्षिण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है, हालांकि विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kuldeep Sengar:उन्नाव रेप केस सुप्रीम कोर्ट ने कुलदीप सेंगर को जमानत देने से किया इनकार
