yogi government: अयोध्या में रामनगरी अयोध्या अब धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं का भी बड़ा केंद्र बनने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम के वशिष्ठ कुंड (परगना हवेली) में भव्य और अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए 2500 वर्गमीटर नजूल भूमि आवंटित करने की स्वीकृति दे दी है।
मेयर की पहल पर मिली मंजूरी
नगर निगम के मेयर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने स्थानीय खिलाड़ियों की सुविधा और खेल विकास के लिए मुख्यमंत्री से भूमि आवंटन का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने खेल प्रेमियों के हित में इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए भूमि आवंटन पर अपनी मुहर लगा दी है। इस सौगात के लिए मेयर और नगरवासियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। इसमें निम्नलिखित सुविधाएं मिलेंगी।
आधुनिक खेल मैदान:
विभिन्न खेलों के लिए समर्पित ट्रैक और फील्ड।
प्रशिक्षण केंद्र: खिलाड़ियों के लिए उच्च स्तरीय अभ्यास स्थल और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं।
संसाधन: खेल से जुड़ी आवश्यक मशीनरी और आधुनिक उपकरण।
अनुशासन और स्वास्थ्य:
युवाओं में खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विशेष केंद्र।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा वैश्विक मंच
इस कॉम्प्लेक्स के बनने से अयोध्या के स्थानीय युवाओं को अब अभ्यास के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने में मदद मिलेगी।
“मुख्यमंत्री जी का यह निर्णय अयोध्या के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे अयोध्या खेल प्रतिभाओं के एक सशक्त केंद्र के रूप में उभरेगी।
ये भी पढ़ें- cm yogi news: सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई यूपी की कैबिनेट मीटिंग में 30 प्रस्तावों पर मुहर लगी

