UP Roadways salary: लखनऊ 07 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने जानकारी दी है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कथन तथ्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में कुल 21,492 चालक कार्यरत हैं, जिनमें 3,104 नियमित एवं 18,388 संविदा चालक सम्मिलित हैं। इसी प्रकार निगम में कुल 26,633 परिचालक कार्यरत हैं, जिनमें 2,631 नियमित, 18,550 संविदा तथा 5,452 आउटसोर्स परिचालक शामिल हैं।
श्री सिंह ने बताया कि संविदा चालक/परिचालकों को पारिश्रमिक किलोमीटर-आधारित व्यवस्था के अंतर्गत देय है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार एनसीआर क्षेत्र में ₹2.28 प्रति किमी तथा अन्य क्षेत्रों में ₹2.16 प्रति किमी तक भुगतान किया जाता है।
किमी संचालन न होने की स्थिति में पारिश्रमिक देय नहीं होता।कुछ नियमित कार्मिकों की तैनाती दुर्घटना, गंभीर बीमारी, कार्यशाला, प्रवर्तन, स्टाफ ड्यूटी एवं अन्य प्रशासनिक आवश्यकताओं के दृष्टिगत वैकल्पिक दायित्वों पर की गई है। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार लगभग 457 नियमित चालक एवं 45 नियमित परिचालक शारीरिक अक्षमता अथवा अन्य उपयुक्त कारणों से वैकल्पिक कार्यों पर तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त लगभग 800 नियमित चालक वीआईपी टैक्सी, स्टाफ कार, स्टोर ट्रक, क्रेन, डिपो/कार्यशाला तथा प्रवर्तन संबंधी कार्यों में नियोजित हैं। साथ ही, 131 केंद्र प्रभारी, 130 वरिष्ठ लिपिक तथा 120 बुकिंग लिपिक पद रिक्त होने के कारण लगभग 250 नियमित परिचालकों की तैनाती कार्यालयीय कार्यों में की गई है।
उन्होंने खंडन करते हुए कहा कि “बिना बस चलाए वेतन” संबंधी दावे तथ्यहीन, भ्रामक एवं अपूर्ण जानकारी पर आधारित हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम सुरक्षित, नियमित एवं जनहितकारी परिवहन सेवा उपलब्ध कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें- Road Transport Corporation: जनपद बुलंदशहर, बलरामपुर और हाथरस में निर्मित होंगे नए बस स्टेशन-दयाशंकर सिंह
