up News: वृंदावन (मथुरा): वृंदावन में एक युवक ने आगरा की युवती को इंस्टाग्राम पर धोखा देकर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने खुद को होटल और गेस्ट हाउस में काम करने वाला बताया और वादा किया कि वह संत प्रेमानंद महाराज के एकांतिक दर्शन का टोकन दिला सकता है।
पीड़िता के मुताबिक, 21 अगस्त को उसे इंस्टाग्राम पर एक संदेश मिला, जिसमें कहा गया था कि वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के विशेष दर्शन के लिए टोकन दिलाया जा सकता है। इसके बाद आरोपी सुंदरम राजपूत ने व्हाट्सएप पर उससे संपर्क किया और कहा कि टोकन मिल गया है। दर्शन का समय 12 सितंबर की सुबह साढ़े चार बजे तय किया गया।
कॉफी में मिला नशीला पदार्थ
बताए गए दिन युवती अपने भाई के साथ कार से वृंदावन पहुँची। वहाँ सुंदरम बाइक से मिला और बोला कि आगे कार नहीं जा सकती। युवती उसके साथ बाइक पर बैठ गई। आरोपी उसे होटल राधा कृष्ण धाम में अपने कथित ऑफिस ले गया और वहाँ कॉफी पिलाई। युवती का कहना है कि उस कॉफी में नशीला पदार्थ मिला हुआ था।
कॉफी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया। आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए थे। बाद में उन्हीं वीडियो के जरिए उसे धमकाकर कई बार संबंध बनाने पर मजबूर किया गया। यहां तक कि आगरा के एक होटल में भी बुलाकर दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता की शिकायत पर वृंदावन पुलिस ने आरोपी सुंदरम राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ सिटी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की जांच गंभीरता से की जा रही है और पीड़िता को सुरक्षा प्रदान की गई है।
ये भी पढ़ें- Maharajganj News: अराजक तत्वों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी, गांव में तनाव

