Monday, February 23, 2026

PHC: पीएचसी पर आयोजित हुआ मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला

Share

PHC: लखनऊ, 1 फरवरी 2026 जनपद के सभी शहरी और ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित हुआ । इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी.सिंह ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आजाद नगर का तथा उनके निर्देश पर सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी व एआरओ ने अन्य पीएचसी का भ्रमण किया ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला पिछले लगभग पाँच वर्षों से प्रत्येक रविवार को जनपद के सभी शहरी एवं ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। यह मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आमजन को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

सरकार की मंशा स्पष्ट है कि कोई भी नागरिक केवल कार्य व्यस्तता, दूरी या आर्थिक कारणों से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से रविवार को घर के समीप ही स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन का समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से प्रसवपूर्व जाँच, नियमित टीकाकरण, शिशु एवं बाल स्वास्थ्य जाँच, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, आवश्यकतानुसार उच्च संस्थानों को संदर्भन, परिवार नियोजन संबंधी सेवाएँ तथा परामर्श एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने बताया कि मेले में कुल 4,198 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया जिसमें 1,655पुरुष, 2,116 महिला और 427 बच्चे थे ।

ये भी पढ़ें- Keshav Prasad Maurya: उप मुख्यमंत्री मौर्य ने सरस हाट का शुभारम्भ कर स्वयं सहायता समूहों को दुकानों का किया आवंटन

और खबरें

ताजा खबर