Maharajganj news: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से जुड़ा एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। एक वीडियो के वायरल होने के बाद तंत्र-मंत्र के नाम पर बड़ी ठगी का आरोप सामने आया है। वीडियो में एक स्थानीय राजनीतिक पद से जुड़े व्यक्ति को 500 रुपये के नोटों के बंडलों के बीच दिखाया जा रहा है, जिससे तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी से आए कुछ कथित जालसाजों ने पैसे बढ़ाने का दावा करते हुए हाथ की सफाई और चमत्कार दिखाए। हवा में हाथ घुमाकर नोटों की गड्डी निकालने का प्रदर्शन कर उन्होंने लोगों का भरोसा जीत लिया। इसी भरोसे में आकर चार लोगों ने अपने बैंक खातों से करीब 1.43 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बताया जा रहा है कि जब पीड़ितों को ठगी का शक हुआ और उन्होंने रकम लौटाने की मांग की, तो आरोपियों ने उन्हें एक कमरे में रखे नोटों के ढेर दिखाए। यह कहकर नोटों को छूने से मना कर दिया गया कि उन पर तंत्र-मंत्र किया गया है। इसी दौरान कथित रूप से उनका वीडियो बना लिया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने पर पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज है।
ये भी पढ़ें-up news: UP में पान मसाला तंबाकू उद्योग ने अनिवार्य CCTV नियमों पर कड़ा एतराज जताया

