Lucknow news: एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। जनपद लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी में अवैध निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान 04 अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इस तरह के अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी अभियान चलाया जाएगा।
ध्वस्तीकरण का अभियान चलाया गया
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि थाना सुशांत गोल्फ सिटी में अखंड प्रताप सिंह व अन्य द्वारा अवैध तरीके एक कॉलोनी विकसित की गई थी, जिसके अंदर मकानों का निर्माण किया गया था। कुल 33 मकानों पर एलडीए की कार्यवाही चल रही है, जिनमें से 04 निर्माण का उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अपील खारिज की गई थी। आज सुबह ही ग्रीन कॉरिडोर के तृतीय चरण का निरीक्षण करने पहुंचे उपाध्यक्ष महोदय द्वारा ऐसे अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये। जिसके अनुपालन में 04 अवैध निर्माण के खिलाफ स्थल पर ध्वस्तीकरण का अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि थाना सुशांत गोल्फ सिटी के एम्मार कालोनी के सामने सेक्टर-7 में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी। इस दौरान दिलीप यादव, ललित कुमार तिवारी, पूजा पाण्डेय एवं शीलू व अन्य के 04 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जोकि एक अवैध प्लॉटिंग के अंदर बनाये गए थे। यह अवैध प्लॉटिंग अखंड प्रताप सिंह, उदय प्रताप सिंह एवं हरिओम द्वारा विकसित की गई थी, जिसका न ही कोई लेआउट स्वीकृत है और न ही इस प्लॉटिंग के अंदर बने एक भी मकान का नक्शा स्वीकृत है।
समस्त ध्वस्तीकरण आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पुनरीक्षण वाद में अपील निरस्त होने के पश्चात लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष महोदय के लिखित आदेशों के अनुपालन में की गई थी। उक्त कार्यवाही में लखनऊ विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन जोन एक, दो व तीन की टीम मौजूद रही एवं लखनऊ पुलिस द्वारा सम्पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।
ये भी पढ़ें- Keshav Prasad Maurya: मनरेगा से गांवों में बन रहे अन्नपूर्णा भवन
