Kushinagar, Uttar Pradesh: जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अब प्रदेश में किसी भी तरह की गुंडागर्दी या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर किसी को अपने धर्म और परंपरा का पालन करने की पूरी आज़ादी है, लेकिन सड़कों पर उपद्रव की इजाज़त किसी को नहीं दी जाएगी। जो भी कानून हाथ में लेगा, उसे कड़ा सबक मिलेगा।
कानून का राज और विकास का दौर
मंत्री ने कहा कि योगी सरकार में कानून का राज कायम है और आज प्रदेश की बेटियां सुरक्षित महसूस कर रही हैं। व्यापारी वर्ग भी संतुष्ट है क्योंकि सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि मोदी और योगी की डबल इंजन सरकार के कारण प्रदेश और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कुशीनगर में हुआ कार्यक्रम
रविवार को मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कुशीनगर के कप्तानगंज नगर पहुंचे। यहां गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अतुल सिंह के व्यावसायिक प्रतिष्ठान का दोनों मंत्रियों ने उद्घाटन किया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में स्वतंत्रदेव सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज़ादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने पिछड़ा आयोग का गठन नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल पिछड़ा आयोग बनाया, बल्कि मेडिकल कॉलेजों में पिछड़े वर्ग को आरक्षण भी दिया।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों के लिए लगातार काम कर रही है। गरीब परिवारों को पक्का मकान, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, किसानों को सम्मान निधि और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
दयाशंकर सिंह का पलटवार
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जीएसटी को लेकर झूठ फैला रहे हैं। जीएसटी लागू होने के बाद दूध, दही और घर-गृहस्थी के सामान तक सस्ते हुए हैं। गाड़ियों की कीमतें भी कम हुई हैं। यह सरकार गांव, गरीब और महिलाओं के हितों के लिए काम कर रही है।
मन की बात कार्यक्रम
इससे पहले दोनों मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 126वें एपिसोड को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सुना। इसके लिए मोतीचक क्षेत्र में बड़ी LED स्क्रीन लगाई गई थी। कार्यक्रम में सांसद विजय कुमार दुबे, खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- Aligarh up: बेटी की तलाश में मां ने दी आत्महत्या की चेतावनी

