EOW Team:आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) की टीम द्वारा मु0अ0सं0- 01/18 थाना ईओडब्लू सेक्टर वाराणसी से संबंधित ₹25,000 के इनामी अभियुक्त संतोष किशन सपकाले पुत्र किशन सपकाले, निवासी- एसआरपी ग्रुप-II, कामरेज, सूरत (गुजरात), हाल पता- बंगला नं. 06, मंगल दीप सोसाइटी, थाना उमरा, सूरत (गुजरात), उम्र लगभग 48 वर्ष को दिनांक 20.03.2026 को गुजरात के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस उद्यान, जहांगीरपुरा, सूरत से गिरफ्तार किया गया।
उक्त अभियुक्त लगातार अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। ईओडब्लू टीम द्वारा निरंतर प्रयास एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर सफलतापूर्वक गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। अभियुक्त पर पूर्व से ही ₹25,000/- का इनाम घोषित था।
निवेश योजनाएं संचालित की गईं
अभियुक्त एवं उसके सहयोगियों द्वारा आस्था इंटरनेशनल लिमिटेड/आस्था गोट फार्मिंग इंडिया लिमिटेड के नाम से एक कम्पनी स्थापित की गई थी। कंपनी के मेमोरेण्डम ऑफ एसोसिएशन के अनुसार इसका कार्य पशुपालन एवं लाइव स्टॉक (जैसे गाय, भैंस, बकरी, मुर्गी, मछली, सुअर आदि) से संबंधित व्यवसाय दर्शाया गया था। किन्तु जांच में पाया गया कि कंपनी के डायरेक्टर्स द्वारा आपसी दुरभिसंधि कर आम जनता को भ्रमित करते हुए “धन दोगुना” करने के नाम पर निवेश योजनाएं संचालित की गईं।
बिना आरबीआई में पंजीकरण कराए गैर-बैंकिंग वित्तीय गतिविधियां संचालित करते हुए आरबीआई एक्ट की धारा 45I (A) का उल्लंघन किया गया। कंपनी द्वारा वाराणसी उत्तर प्रदेश सहित उड़ीसा, पश्चिम बंगाल एवं महाराष्ट्र में एजेंट/लीडर नियुक्त कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा निवेशकों से बॉन्ड के माध्यम से धन एकत्रित किया गया।
निवेशकों को 05 वर्ष में धन दोगुना करने का प्रलोभन दिया गया, किन्तु परिपक्वता अवधि पूर्ण होने पर धन वापसी नहीं की गई। साथ ही जारी किए गए चेक भी बैंकों द्वारा बाउंस पाए गए। इस प्रकार आम जनता से लगभग ₹3,61,42,005/- की धनराशि का गबन किया गया।
उक्त प्रकरण में नामजद एवं प्रकाश में आए समस्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी पूर्ण की जा चुकी है। उक्त अभियुक्त की गिरफ्तारी के उपरांत अग्रेतर विधिक कार्यवाही की गयी।
ये भी पढ़ें- food processing: खाद्य प्रसंस्करण नीति-2023 से निवेश व रोजगार को नई गति

