Tuesday, February 24, 2026

Ayodhya news: थाना परिसर में जबरन घुसकर हंगामा: बीकापुर में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन, 91 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा

Share

Ayodhya news: अयोध्या जिले के बीकापुर में कानून-व्यवस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बिना अनुमति थाना परिसर में घुसकर सैकड़ों लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस घटना को लेकर पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत कुल 91 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

प्रदर्शनकारियों ने दी पुलिसकर्मियों को धमकी

पुलिस के अनुसार, 14 दिसंबर को थाना परिसर में सामान्य शासकीय कार्य चल रहा था। इसी दौरान वनघुसरा सरैया निवासी दिलीप वर्मा अपने लगभग 90 से 95 समर्थकों के साथ अचानक बिना किसी पूर्व अनुमति के थाने में दाखिल हो गया। आरोप है कि सभी लोग पुलिस विरोधी नारे लगाते हुए थाना प्रांगण में बैठ गए और करीब दो घंटे तक धरना दिया, जिससे थाने में आए फरियादियों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उप निरीक्षक अरुण पटेल द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि प्रदर्शनकारियों ने न केवल शासकीय कार्य में बाधा डाली, बल्कि पुलिसकर्मियों को धमकी भी दी। उनका कहना था कि यदि चार घंटे के भीतर उनकी मांग के अनुसार गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे दोबारा थाने का घेराव करेंगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी

मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, उसी दिन रात करीब नौ बजे प्रदर्शनकारी फिर सक्रिय हो गए और थाना गेट के सामने सड़क जाम कर दी। इस दौरान भी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई, जिससे आवागमन बाधित हुआ और माहौल तनावपूर्ण बन गया।

प्रभारी निरीक्षक संदीप त्रिपाठी ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए एक नामजद आरोपी दिलीप वर्मा सहित 90-95 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पहचान के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Vidhansabha news: यूपी विधानसभा में पेश हुआ 24, 486.9 करोड़ का अनुपूरक बजट

और खबरें

ताजा खबर