पैकेज्ड गुड़ भी चिपचिपा होकर हो जाते है खराब, पूरे साल फ्रेश रखने के लिए ये आजमाएं ट्रिक 

गुड़ सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है और इसे चीनी के एक हेल्दी विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है।

गुड़ का इस्तेमाल न सिर्फ़ मिठाइयों में, बल्कि कई सब्ज़ियों वाले व्यंजनों में भी मिठास और स्वाद को संतुलित करने के लिए किया जाता है।

हालांकि, एयरटाइट कंटेनर में रखने पर भी, हवा और नमी के संपर्क में आने पर गुड़ अक्सर चिपचिपा हो जाता है या पिघलने लगता है। इससे इसका स्वाद और क्वालिटी, दोनों ही खराब हो जाते हैं।

आज हम किचन से जुड़े कुछ आसान और असरदार टिप्स शेयर करने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप बिना किसी परेशानी के गुड़ को पूरे साल ताज़ा और सूखा रख पाएंगे।

गुड़ को कभी भी प्लास्टिक के डिब्बे में न रखें। इसे हमेशा साफ़, सूखे कांच के जार या सिरेमिक के बर्तन में रखें; इससे गुड़ में नमी नहीं पहुंचती।

गुड़ को डिब्बे में रखने से पहले, उसे एक साफ़, सूखे, सफ़ेद सूती कपड़े में अच्छी तरह लपेट लें।

सूती कपड़ा कंटेनर के अंदर बनने वाली नमी को सोख लेता है और गुड़ को गीला होने से बचाता है।

गुड़ के डिब्बे में 2-3 सूखे तेजपत्ते डाल दें। तेजपत्ते प्राकृतिक रूप से नमी सोख लेते हैं और उनकी खुशबू से चींटियां भी दूर रहती हैं।

अगर आप गुड़ को फफूंद से बचाना चाहते हैं, तो डिब्बे में सूखी हल्दी के एक या दो टुकड़े डाल दें। इससे गुड़ लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा।

अगर आपको लगे कि गुड़ थोड़ा नरम या चिपचिपा हो रहा है, तो उसे डिब्बे से निकालकर कुछ घंटों के लिए तेज़ धूप में रख दें।

धूप इसकी नमी को सुखा देगी और यह फिर से सख्त हो जाएगा। इसके बाद, इसे वापस कंटेनर में सील कर दें।