Sunday, February 22, 2026

kaishal Vikash: युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए कौशल विकास मिशन की नई पहल

Share

kaishal Vikash:कौशल प्रशिक्षण में गुणवत्ता सुधार को योगी सरकार का बड़ा कदम, नई ग्रेडिंग नीति लागू

मंत्री कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में प्रशिक्षण संस्थानों की परफॉरमेंस-बेस्ड ग्रेडिंग

अब गुणवत्ता और परिणाम के आधार पर तय होगी प्रशिक्षण संस्थानों की ग्रेडिंग

ए से डी ग्रेडिंग सिस्टम से कौशल प्रशिक्षण में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा

लखनऊ, 21 फरवरी 2026

प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने प्रशिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता सुधारने के लिए नई परफॉरमेंस-बेस्ड ग्रेडिंग नीति लागू की है। योगी सरकार की इस पहल का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाना, पारदर्शिता सुनिश्चित करना और युवाओं की रोजगार क्षमता को सशक्त बनाना है।

मंत्री अग्रवाल ने बताया कि योगी सरकार कौशल विकास को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी मूल्यांकन और गुणवत्ता आधारित प्रतिस्पर्धा से प्रदेश के युवाओं को विश्वस्तरीय कौशल प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उन्हें बेहतर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

संतुलित आकलन संभव हो सकेगा

नई नीति के तहत प्रशिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन हर वर्ष फरवरी के अंतिम दिन तक पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा और मार्च में ग्रेडिंग को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके आधार पर अप्रैल माह में प्रशिक्षण केंद्रों को नए लक्ष्य आवंटित किए जाएंगे। वर्ष 2026-27 के लिए ग्रेडिंग वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के औसत प्रदर्शन के आधार पर तय होगी, जिससे एक वर्ष के बजाय दीर्घकालिक कार्यक्षमता का संतुलित आकलन संभव हो सकेगा।

मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि केवल वही संस्थान ग्रेडिंग प्रक्रिया में शामिल होंगे जो फरवरी तक एम्पैनल हों और डिबार या ब्लैकलिस्ट न हों। संस्थानों को ए, बी, सी और डी श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाएगा। 40 अंकों के मानक में 36-40 अंक पाने वाले संस्थान ए ग्रेड, 30-36 बी ग्रेड, 25-30 सी ग्रेड तथा 25 से कम अंक प्राप्त करने वाले डी ग्रेड में रखे जाएंगे।

कमजोर संस्थानों में सुधार का दबाव बढ़ेगा

यह ग्रेडिंग प्रणाली नामांकन, प्रशिक्षण पूर्णता और परिणाम आधारित प्रदर्शन पर केंद्रित होगी। इसमें निजी प्रशिक्षण केंद्रों, राजकीय संस्थानों, दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्रों, स्टार्टअप्स और डीडीयू-जीकेवाई समेत कुल 1712 प्रशिक्षण प्रदाताओं को शामिल किया गया है। नई व्यवस्था से बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थानों को अधिक अवसर मिलेंगे, जबकि कमजोर संस्थानों में सुधार का दबाव बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें- Railway news: रेलवे बोर्ड ने एनसीआर समेत सभी जोनल कार्यालयों से लेवल-6 और 7 पदों का ब्योरा मांगा

और खबरें

ताजा खबर